तरह तरह के ब्लॉगर - एक समीक्षा !





पिछले पांच सालों से ब्लॉग दुनिया में हूँ | हालाँकि पिछले दो सालों से सक्रीय पोस्टिंग कर रहा हूँ | इस लंबे अंतराल के दौरान कितने ही अलग अलग प्रकार के ब्लॉगर से परिचय हुआ | हर किसी का अपना अलग तरीका, अपना अलग रवैय्या, अलग स्वभाव | जैसे एक समाज में हर तरह के लोग होते हैं, वैसे ही इस ब्लॉग समाज में भी कितने प्रकार के शख्सियत हैं | मैं किसी एक का नाम या ब्लॉग की तरफ इशारा नहीं करना चाहता हूँ, बल्कि पूरा ब्लॉग समाज के बारे में बोल रहा हूँ | किसी को यदि मेरे इस वर्गीकरण में अपना अक्स नज़र आये तो इसे एक आइना समझे | आइना वही दिखाता है जो उसके सामने होता है | आप खूबसूरत हो, तो आइना खूबसूरती दिखायेगा, और आप बदसूरत हो तो बदसूरती |


और हाँ, आप से भी विनती है कि आप भी अपना अनुभव हमसे बांटे ... हो सकता है, मुझसे कुछ गुणीजन छूट गए हों .....


१. सक्रियतम ब्लॉगर: एक दिन में १० -१२ पोस्ट ठेल देना इनके बांये हाथ का काम है | कम से कम ७-८ ब्लॉग चलाते हैं | हर ब्लॉग में रोज एक पोस्ट देते रहते हैं | इनमे भी दो तरह के ब्लॉगर होते हैं | इनके पोस्ट की गुणबत्ता या तो बहुत अच्छी हो सकती है या फिर भगवान मालिक | वैसे इन लोगों की प्रतिभा को मानना पड़ेगा, पर इनको इतना समय कहाँ से मिलता है यह एक रहस्य है जो मैं आज तक समझ नहीं पाया |
क) सक्रियतम टिप्पणीकार: इनको केवल १०-१२ पोस्ट लिखकर ही शांति नहीं मिलती | दिन में १००-२०० टिपण्णी भी दे आते हैं और उसके एवज रोज ५०-१०० टिपण्णी भी बटोर लेते हैं |
ख) टिपण्णी की परवाह नहीं: इनको टिप्पणिओं से कोई लेना देना नहीं होता है | पोस्ट पर टिपण्णी आये न आये, कोई इनके पोस्ट को देखे न देखे, ये रोज नियमित रूप से पोस्टिंग करते जाते हैं | इनको किसीके ब्लॉग पर जाके टिपण्णी भी नहीं करनी होती है |


२. भटका राहगीर: जिस पथिक को ये नहीं पता हो कि कि ये कहाँ से आये हैं, और कहाँ जाना चाहते हैं, उन्हें आप भटका राहगीर ही कहेंगे न | यानि कि ऐसे शख्सियत को यह नहीं पता होता है कि वो ब्लॉग जगत में क्यूँ आये हैं, क्या करना चाहते हैं, आगे क्या करेंगे | बस दूसरों को ब्लॉग लिखते देखा तो सोच लिए कि हम भी एक ब्लॉग खोल लेते हैं | अब खोल तो लिए पर आगे क्या करना है पता नहीं | क्या लिखना है पता नहीं | बहुत जल्दी ब्लॉग्गिंग का भुत उतर जाता है, और इनका ब्लॉग NASA का कोई परित्यक्त उपग्रह जैसे ब्लॉग-महाकाश में कचड़ा बढ़ाने का काम आता है | मुझे लगता है, हिंदी ब्लॉग जगत के ३०,००० ब्लॉग में से कुछ १५००० इस वर्ग में आते हैं |


३. पारिवारिक ब्लॉगर: पूरा ब्लोग जगत इनका परिवार है | हर किसीसे ये कोई न कोई पारिवारिक रिश्ता कायम रखते हैं | कोई माँ, कोई पिता, कोई भाई, कोई बहन | और कोई रिश्ता नहीं तो दुश्मनी का रिश्ता तो है ही | बिना कोई रिश्ता कायम किये ये आपसे बात कर नहीं सकते | केवल एक ब्लॉगर का पहचान इनके लिए काफी नहीं | इनको एक साथी ब्लॉगर होने के अलावा भी भाई, बहन, माँ, बाप, सास, ससुर, ननद-भौजाई, कुछ न कुछ होना ही होता है |


४. निंदक ब्लॉगर: इन लोगों को तब तक खाना हजम नहीं होता है जब तक ये दुसरे ब्लॉगर की बुराई न कर ले | “इसको लिखना नहीं आता है, उसको टिपण्णी करना नहीं आता है | अरे वो तो चरित्रहीन है | अरे इस ब्लॉगर को कोई काम धंधा नहीं है क्या ? इसने ऐसा क्यूँ लिखा ? उसने वैसा क्यूँ लिखा ? किसीने अपने बारे में लिखा तो गलत | किसीने औरों के बारे में लिखा तो गलत |” कोई कुछ भी लिखे, इन महाशय के नज़र में वो गलत ही ठहराया जायेगा | इनके ब्लॉग में जाइये, दूसरों के सारे दोष (सच या झूठ) आपको मिल जायेंगे | किसीके पोस्ट से ज्यादा ये व्यक्तिगत बातों पे हमला ज्यादा करते हैं |


५. समालोचक ब्लॉगर: ये जनाब केवल निंदा नहीं करते हैं | जो इनको दिखता है उसे साफ साफ़ लिख देते हैं, आप को बुरा लगे या अच्छा | मुश्किल यह है कि कई बार इनको ठिक से दिखता नहीं है | इनको आप विश्लेशानाक्मक ब्लॉगर के मौसेरे भाई भी कह सकते हैं | केवल अपने ब्लॉग पर ही नहीं, आपके ब्लॉग पर आकर ये आपका पोस्ट कितना बकवास है, और उसमे कितनी गलतियाँ हैं ये बताते रहते हैं | इनका अपना पोस्ट कोई बहुत उच्च कोटि का न भी हो तो भी ये दूसरों के पोस्ट की ऐसी-तैसी करते रहते हैं |


६. धार्मिक उन्माद: ऐसे ब्लागरों का संख्या कम नहीं है | एक ढूँढो दर्जन मिलेंगे | दूसरों के धर्म की गलतियाँ निकालना इनका परम धर्म है | ऐसा लगता है इनके धर्म में बस यही बात सिखाई जाती है | ये लोग ब्लॉग जगत में केवल धार्मिक उन्माद फ़ैलाने के उद्देश्य से आये हैं | इन लोगों से निपटने का एक ही रास्ता है, कि इनको पूरी तरह से उपेक्षा की जाय | इनकी खिलाफत भी इनको मदद करती है | इनसे जितना दूर रहो उतना अच्छा है | ये लोग खुजली वाले पौधे हैं | इनके पास जाओगे तो तकलीफ ही होगी | इनके ब्लॉग में जाना और टिपण्णी करना भी गुनाह है | इनमें से कई लोग ऐसे हैं जो धार्मिक सद्भावना के आड़ में धार्मिक उन्माद फैलाते हैं | सबसे ज्यादा खतरनाक ऐसे ब्लॉगर हैं | इन्हें पहचानिये और इनसे दूर रहिये |


७. साहित्यिक ब्लॉगर: इनके ब्लॉग में आपको साहित्य के अलग अलग विधाओं के दर्शन होंगे | इनमें से कोई साहित्य के किसी एक विधा में पारंगत हैं, तो कोई कई विधाओं में लिखते रहते हैं |
क) उच्च कोटि: इनको साहित्य की पूरी समझ है | ये जो भी लिखते हैं, वह उच्च कोटि का साहित्य होता है | इनको पढके आनंद आता है और कभी कभी इर्ष्या भी हो सकती है, कि ये इतना अच्छा कैसे लिख लेते हैं |
ख) मध्यम: इनकी रचनाएँ कभी बेहतरीन होती है तो कभी बकवास | अपनी तौर पे ये पूरी कोशिश करते रहते हैं कि और अच्छा लिखे | इनमे सीखने की ललक है |
ग) निम्न कोटि: इनको साहित्य की कोई समझ नहीं है | ये जो भी लिखते हैं वो कचड़ा पेटी में डालने योग्य हैं | इनमे भी दो प्रकार के होते हैं | प्रथम वो जो जानते हैं कि वो बकवास लिखते हैं, लेकिन फिरभी अपना बैल हांकते रहते हैं | इनको बस ब्लॉग्गिंग करना होता है | गुणबत्ता से इनको कोई लेना-देना नहीं होता है | और दूसरा वो है जिनको ये ग़लतफ़हमी होती है कि वो उच्च कोटि का साहित्यकार है | वैसे भी ब्लॉग जगत में कोई किसीकी ग़लतफ़हमी दूर नहीं करता है | करना संभव भी नहीं है |


८. रिपोर्टर: ये ब्लॉग को एक अखबार की तरह से चलाते हैं | सब को स्थानीय या फिर प्रादेशिक/राष्ट्रीय ख़बरों से अवगत करवाते हैं | ब्लॉग जगत की खबर जैसे कि जन्मदिन इत्यादि की जानकारी देने वाले ब्लॉगर को भी मैं इसी वर्ग में रखना चाहूँगा | ब्लॉग जगत के लिए ये लोग अत्यंत ज़रूरी प्राणी हैं |


९. तकनिकी ब्लॉगर: इनके ब्लॉग में आपको तरह तरह के तकनिकी जानकारी मिल जायेगी | मसलन कंप्यूटर के बारे में हो या इन्टरनेट के बारे में, फोन या लैपटॉप के नवीनतम मॉडल के बारे में हो या सॉफ्टवेर के बारे में | ऐसे ब्लॉग में टिपण्णी ना के बराबर आती है |


१०. विज्ञान ब्लॉगर: ऐसे लोग विज्ञान के प्रचार प्रसार में सक्रिय भूमिका अदा करते हैं | इनके ब्लॉग में आपको तरह तरह के वैज्ञानिक जानकारी मिल जायेगी | ऐसे ब्लॉग में अक्सर टिपण्णी बहुत कम आती है | वैसे भी भारतीय समाज में विज्ञान से किसीको कोई सम्बन्ध नहीं होता है |


११. सच्चा ब्लॉगर: इस वर्ग में मैं उन लोगों को रखा हूँ जो सही मायने में ब्लॉग्गिंग कर रहे हैं | ब्लॉग्गिंग के शैशावस्था में, ब्लॉग को केवल एक दैनिकी के रूप में इस्तमाल किया जाता था | आज इसके आयाम बहुत फ़ैल चूका है | पर कुछ लोग आज भी हैं जो ब्लॉग को केवल एक दैनिकी के रूप में ही इस्तमाल करते हैं | ब्लॉग जगत का प्राचीन रूप इनके ब्लॉग में देखने को मिलता है |


१२. घुमक्कड ब्लॉगर: यात्रा विवरणी के बारे में ब्लॉग्गिंग करने वाले इस वर्ग में आते हैं | इनके ब्लॉग से आपको घर बैठे कई जगहों की जानकारी मिल जायेगी | इनका ब्लॉग सुन्दर चित्रों से सुसज्जित होता है |


१३. बाल ब्लॉगर: आजकल बच्चों के बहुत सारे ब्लॉग देखने को मिलते हैं, ये अलग बात है कि इनमे से ९९ प्रतिशत बच्चों के ब्लॉग उनके माता-पिता ही चलाते हैं | मज़ा तो तब आता है, माता-पिता के लिखे हुए पोस्ट पे बच्चों को इनाम-पुरस्कार इत्यादि दिया जाता है और उनका तारीफ़ किया जात है कि ये छोटा सा ३-४ साल का ब्लॉगर कितना अच्छा ब्लॉग्गिंग करता है (भले ही उस ब्लॉग में उस बच्चे का योगदान शुन्य क्यूँ न हो) |


१४. बाल साहित्य ब्लॉगर: इन में वो लोग आते हैं, जो बच्चों के ब्लॉग के बारे में लिखते हैं, उनका चर्चा करते हैं, उत्साहित करते हैं | ये लोग बच्चों के लिए बाल-कविता, बाल साहित्य का सृजन भी करते हैं | हमें इनका साथ हमेशा देना ही चाहिए |


१५. चर्चाकार: ये इस ब्लॉग जगत के स्वनामधन्य और शक्तिशाली ब्लॉगर हैं | इनके रहमो-करम पाने के लिए कई ब्लॉगर हमेशा तत्पर रहते हैं | एक बार आप इनके नज़र में चढ गए कि आपको दो तरह से फायदा हो सकता है | एक तो यह कि आपके ब्लॉग का नियमित चर्चा होता रहेगा, भले ही आप अपने ब्लॉग में कूड़ा-करकट ही क्यूँ न लिखे | और दूसरा, अच्छी जान पहचान हो तो आपको भी चर्चा करने का मौका दिया जायेगा, और आप भी एक शक्तिशाली और प्रभावशाली ब्लॉगर बन सकते हैं | वैसे आप खुद भी एक चर्चा ब्लॉग का आरंभ कर सकते हैं | बहुत जल्दी आप ब्लॉग जगत में रुतबेदार बन सकते हैं | चर्चाकार तीन प्रकार के होते हैं | एक वो जो वाकई में अच्छे पोस्ट ढूँढकर उनको अपने ब्लॉग में प्रस्तुत करते हैं और उनका समीक्षा करते हैं | दूसरा वो जो अच्छे पोस्ट ढूँढ तो निकालते हैं, और उनका लिंक भी देते हैं पर कोई समीक्षा नहीं करते हैं | और तीसरे प्रकार के चर्चाकार केवल अपने भाई बंधुओं की पोस्ट ही छापते रहते हैं | उनको पोस्ट की गुणबत्ता से कोई लेना देना नहीं होता है | जो उनसे अच्छा सम्बन्ध बनाये रखेगा (यानि कि उनके पोस्ट पे आकर बहुत सारे टिपण्णी करते रहेगा, या फिर उनके जात का होगा, या उनके धर्म का या उनके प्रान्त से होगा), उन्ही का पोस्ट छापा जायेगा चर्चा में | दूसरा कोई श्रेष्ठ साहित्य रचना भी करते रहें, उनका पोस्ट चर्चा में बिलकुल नहीं आएगा |


१६. टिप्पणीकार: ये लोग शायद ब्लॉग जगत में केवल टिपण्णी करने के लिए आते हैं | इनके लिए उनके अपने ब्लॉग में कुछ पोस्ट करना ज़रूरी नहीं होता है | या लिखते भी हैं तो कुछ एक आध पंक्ति लिख दिए, कि मानो ब्लॉग जगत पे एहसान कर रहे हैं | हर ब्लॉग में जाते हैं और कुछ न कुछ लिख आते हैं | ऐसे ब्लॉगर पोस्ट को पढ़ना भी ज़रूरी नहीं समझते हैं | बिना पोस्ट पढ़े ही ये बहुत सुन्दर, वाह, उम्दा, बेहतरीन, लाजवाब इत्यादि लिखा आते हैं | इनमे से कई तो टिप्पणिओं को कट-पेस्ट कर रखे हैं | जब जैसे ज़रूरत हो वैसी टिपण्णी कापी किये और चिपका दिए | इनमे से कई तो एक साथ चार पांच टिपण्णी कर देते हैं | फिर मजबूरन आपको भी इनके ब्लॉग पे जाकर इनके भले/बुरे एक दो लाइना पोस्ट पे टिपियाना ही पड़ता है |


१७. अहंकारी ब्लॉगर: थोडा बहुत अहंकार शायद हर किसी में होता है | पर कई ऐसे ब्लॉगर हैं इस ब्लॉग समाज में जिनके हर पोस्ट से उनका अहंकार झलकता है | उनके हर पोस्ट में यही लिखा होता है कि वो कितने अच्छे हैं, कितने सुशिल, शिक्षित, और खानदानी है | और किस तरह पूरा ब्लॉग जगत केवल उन्ही के कंधो पर टिका हुआ है | इनको ग़लतफ़हमी होती है कि यदि ये ब्लॉग जगत से चले गए, तो ब्लॉग जगत की बहुत बड़ी क्षति हो जायेगी | इनकी समझ में इनसे बेहतर तो कोई हो ही नहीं सकता है |


१८. समीक्षक ब्लॉगर: ये लोग हर बात का विश्लेषण/समीक्षा करते रहते हैं | इनके ब्लॉग पे आकर आपको कई मसलों की अंदरूनी बातें जानने को मिलेगी | कई बार इनके पोस्ट विश्लेषण/समीक्षा के कारण काफी लंबे हो जाते हैं | इतने लंबे पोस्ट पढ़ना आसान नहीं होता है | पर जो भी पढ़ पाता है उसे फायदा ही होता है | ये पोस्ट खुद एक इसी तरह का पोस्ट है |


१९. राजनैतिक ब्लॉगर: ये लोग ब्लॉग्गिंग के दुनिया में इसलिए आते हैं ताकि वो अपना राजनैतिक भविष्य उज्जवल कर सके | या तो वो किसी पार्टी से जुड़े होते हैं, जिसका गुणगान वो करते रहते हैं, या फिर दूसरी पार्टी की बुराई | यदि ये किसी पार्टी से न भी जुड़े हुए हों तो इनके सगे सम्बन्धियों में कोई न कोई किसी न किसी पार्टी से जुड़े होते हैं | ये तो बस उस पार्टी का समर्थन करते नज़र आते हैं | उस पार्टी के सारे दोष माफ होता है और गुण (हो न हो), बढ़ा चढा कर पेश किया जाता है | भविष्य में कभी राजनैतिक अखाड़े में उतरना हो तो उसका रास्ता साफ़ करते रहते हैं |


२०. निर्लिप्त ब्लॉगर: इस तरह के ब्लॉगर बहुत दिलचस्पी से ब्लॉग्गिंग तो करते हैं, पर उनको, ब्लॉग जगत में चल रहे बहस बाजी, गुट-बाजी, धार्मिक उन्माद, राजनैतिक दाव-पेंच, यहाँ तक कि टिप्पणिओं से भी कोई लेना देना नहीं होता है | ये अपने रचनात्मकता में मगन, एक के बाद एक सुन्दर पोस्ट डालते जाते हैं | आप इनसे अच्छा सम्बन्ध रखो तो ये आपके ब्लॉग पर आकर टिपण्णी भी दे जाते हैं | इनका सम्बन्ध सभी से अच ही रहता है | देखा जाय तो ये सबसे कम प्रभावशाली ब्लॉगर माने जाते हैं | ब्लॉग जगत के महामहिम चर्चाकार, राजनेता/नेत्री, टिप्पणीकार, इनको पूछते नहीं है | वैसे इनको किसी के पूछने न पूछने से कोई फर्क भी नहीं पड़ता है |


२१. आशिक ब्लॉगर: खासकर महिलाओं के ब्लॉग में जाकर मीठी मीठी टिपण्णी करना इनका दैनन्दिनी है | इस काम में इनको महारत हासिल है | इनके टिप्पणिओं से साफ़ पता चलता है, कि ये पोस्ट पढते भी नहीं हैं, बस महिलाओं को मधुर संगीत सुनाने में विश्वास रखते हैं | आश्चर्य की बात तो यह है, कि कई महिलाओं को यह लगता है कि यह उनके ब्लॉग के नियमित और गंभीर पाठक हैं | धीरे धीर ये उस महिला से व्यक्तिगत तौर पे सम्बन्ध बनाने की कोशिश करना शुरू कर देते हैं | आप इनका मंशा ताड़ गए तो बच गए | और आप को ये अपना करीबी दोस्त लगने लगे, तो फिर आपकी खैर नहीं | वैसे, ये जितनी जल्दी आपसे अंतरंगता बढ़ाते हैं, उतनी ही जल्दी रूप भी बदलते हैं | यदि आपने इनको घास नहीं डाला तो अचानक इनका रूप बदल जाता है, और हर ब्लॉग पे जाके ये आपकी बुराई करते नहीं थकते |


२२. हुनरमंद ब्लॉगर: कई ऐसे लोग हैं जो अपने ब्लॉग पे अपना हुनर दिखाते रहते हैं | इनमे कई लोग फोटोग्राफी का शौक रखने वाले होते हैं, अपना लिया हुआ फोटो चिपकाते रहते हैं | कोई खुद का बनाया हुआ चित्र, कलाकृति इत्यादि दिखाते हैं | कोई अपनी आवाज़ में गाया हुआ गाना सुनाता है |


२३. सिनेमा सम्बन्धी ब्लॉगर: कई ब्लॉगर ऐसे हैं जो बॉलीवुड या होलीवूड से सम्बंधित पोस्ट डालते रहते हैं | इनके ब्लॉग पर जाकर आपको सिनेमा के बारे में दिलचस्प खबरें, गानों के लिंक इत्यादि मिलेंगे | इनमे से कई ब्लॉगर, आपको लिंक के अलावा ज़रूरी जानकारी भी देते रहते हैं | मेरा अपना एक ब्लॉग इस वर्ग में आता है (Copycats) |


तो यह तो था ब्लॉग जगत का वर्गीकरण, जितना मुझे समझ में आया | मैं इनमे से किस वर्ग में आता हूँ यह तो मेरे ब्लॉग के पाठक ही बताएँगे | आप खुदको कहाँ पाते हैं ? यदि आप इस वर्गीकरण में कुछ और योगदान करना चाहते हैं तो आप का स्वागत है | (व्याकरण की गलतियाँ माफ कर दीजियेगा)